मिशन शक्ति अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस का व्यापक जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं और बालिकाओं को दी गई कानूनी व सुरक्षा संबंधी जानकारी
बलरामपुर। जनपद में मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर जिले के सभी थानों में गठित महिला सुरक्षा दल ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों तथा ग्राम स्तर पर पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबर्स, कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अभियान के दौरान महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपालों का आयोजन कर महिलाओं की समस्याओं को सुना और तत्काल निस्तारण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने उपस्थित जनसमूह को वूमेन पॉवर लाइन—1090, पुलिस आपातकालीन सेवा—112, एम्बुलेंस—108, चाइल्ड लाइन—1098, स्वास्थ्य सेवा—102, महिला हेल्पलाइन—181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन—1076 और साइबर हेल्पलाइन—1930 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई तथा पम्पलेट वितरण कर महिलाओं को जागरूक किया गया। स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं आसानी से इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में नारी सम्मान व गरिमा को सुदृढ़ करना है। प्रशासन ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


Comments